UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

पीएम आवास योजना के लिए पात्र नागरिकों से मांगे आवेदन

अल्मोड़ा। नगर निगम अल्मोड़ा ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पात्र नागरिकों से आवेदन करने की अपील की है। नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि लाभार्थी आधारित निर्माण घटक (बीएलसी) के अंतर्गत ऐसे परिवार, जिनके पास देश में कहीं भी पक्का मकान नहीं है और जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय तीन लाख रुपये से कम है, योजना का लाभ ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिन आवेदकों के नाम खाता-खतौनी में 30 वर्ग मीटर भूमि दर्ज है, उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना-2.0 के तहत 2.75 लाख रुपये का अनुदान चार किश्तों में सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान किया जाएगा। साथ ही स्पष्ट किया गया कि जिन लाभार्थियों या उनके परिवार के किसी सदस्य ने पिछले 20 वर्षों में केंद्र या राज्य सरकार की किसी अन्य आवास योजना का लाभ लिया है, वे इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे। नगर निगम क्षेत्र में निवासरत पात्र नागरिकों से योजना का लाभ उठाने के लिए अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने को कहा गया है। योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए कार्य दिवसों में नगर निगम कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।