UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

प्रत्याशी को आयातित बताने पर भड़की कांग्रेस

देहरादून। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा बागेश्वर उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी बसंत कुमार को आयातित बताए जाने पर मुख्य विपक्षी दल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने बयान जारी कर कहा कि भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट कह रहे हैं कि कांग्रेस ने प्रत्याशी बाहर से आयात कर, अपने कार्यकर्ताओं का अपमान किया है। मेहरा के मुताबिक महेंद्र भट्ट को इस तरह का बयान देने से पहले भाजपा सरकार में पिछले और मौजूदा मंत्रीमंडल पर भी नजर मारनी चाहिए। जिसमें आधे से अधिक मंत्री कांग्रेस से होकर आए हैं, गरिमा ने कहा कि इसका मतलब है कि भाजपा के पास काबिल विधायकों का अभाव है। प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि बीते छह साल में हुए उपचुनावों में भाजपा ने हर बार परिवार को बढ़ावा दिया है। इससे साफ है कि भाजपा ने अपने जमीनी कार्यकर्ताओं का अपमान किया है। जबकि उनके नेता परिवारवाद के आरोप दूसरे दलों पर लगाते रहे हैं।