UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

प्रेमिका की जलती चिता पर कूदने की कोशिश करने लगा प्रेमी, जमकर हुई कुटाई

प्रेमिका की चिता पर कूदने की कोशिश, लोगों ने की पिटाई

नागपुर (आरएनएस)। नागपुर के न्यू कांपती थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक विचलित कर देने वाली घटना सामने आई, जब नशे में धुत एक युवक ने अपनी प्रेमिका की जलती चिता में कूदने की कोशिश की। यह घटना कन्हान नदी के शांति घाट पर हुई, जहां अंतिम संस्कार के दौरान मौजूद लोगों ने युवक को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी।

जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय युवती ने प्रेम संबंधों में तनाव के चलते आत्महत्या कर ली थी। जैसे ही इस बात की खबर 27 वर्षीय प्रेमी को मिली, वह नशे की हालत में घाट पहुंचा और चिता में कूदने का प्रयास करने लगा। वहां मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माना तो आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। पिटाई के चलते युवक बेहोश हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

न्यू कांपती पुलिस के मुताबिक यह घटना शाम करीब चार बजे की है। युवक गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि युवक का बयान उसके ठीक होने के बाद दर्ज किया जाएगा। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि युवक को पहले काफी समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था। इसी कारण गुस्से में आकर लोगों ने उसके साथ मारपीट की।

पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है। वहीं युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की वजह प्रेम संबंधों में चला आ रहा तनाव बताया जा रहा है।