UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

राजस्व वसूली और प्रमाणपत्र मामलों की प्रगति की समीक्षा

अल्मोड़ा। अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों के साथ राजस्व वसूली कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक की। कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में तहसीलवार वसूली की प्रगति और लंबित वसूली प्रमाणपत्रों की स्थिति पर गहन चर्चा की गई। समीक्षा के दौरान चौखुटिया और अल्मोड़ा तहसील में अमीनों द्वारा निर्धारित मानकों से कम वसूली किए जाने पर अपर जिलाधिकारी ने संबंधित तहसीलदारों को अपने स्तर से प्रकरणों की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वसूली कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार्य नहीं होगी। अपर जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि वित्तीय वर्ष मार्च 2025 में समाप्त हो रहा है, ऐसे में फरवरी माह के भीतर बोर्ड ऑफ रेवेन्यू द्वारा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत राजस्व वसूली सुनिश्चित की जाए। इसके लिए सभी अधिकारियों को वसूली कार्यों में तेजी लाने और लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने नियमित रूप से प्रगति की निगरानी करने पर भी जोर दिया, ताकि निर्धारित लक्ष्य समयसीमा के भीतर पूरे किए जा सकें। बैठक में तहसीलदार सदर ज्योति धपवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे, जबकि कुछ संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।