UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

राज्य स्थापना की रजत जयंती उत्सव के अवसर पर उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों को किया सम्मानित

अल्मोड़ा। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती उत्सव के अवसर पर शनिवार को सिमकनी मैदान अल्मोड़ा में उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान समारोह आयोजित हुआ। इस समारोह में कुल 75 राज्य आंदोलनकारियों का माल्यार्पण कर अंगवस्त्र से सम्मानित किया गया। इस समारोह में अलग राज्य बनाने के लिए चल रहे आंदोलन में राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग तथा समर्पण को याद किया गया। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और समर्पण को हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि संपूर्ण राज्य उन शहीदों और आंदोलनकारियों का हमेशा ऋणी रहेगा जिनके अदम्य साहस और बलिदान ने इस प्यारे उत्तराखंड राज्य का गठन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार और प्रशासन लगातार जनपद के विकास को लेकर समर्पित हैं। जिला प्रशासन लगातार इस दिशा में कार्य कर रहा है कि जनपद के प्रत्येक नागरिक का जीवन स्तर ऊंचा हो तथा विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं का सीधा लाभ उन्हें दिलाया जा सके। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलन में शहीद हुए इस राज्य के बेटे और बेटियों तथा आंदोलनकारियों के सपनों को साकार करने के लिए जो भी संभव होगा वह सब किया जाएगा। इस समारोह में राज्य आंदोलन में शहीद हुए शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित राज्य आंदोलनकारियों ने राज्य गठन के संघर्ष को याद करते हुए विभिन्न किस्से साझा किए। राज्य गठन के लिए हुए आंदोलनों, संघर्षों तथा अनुभवों को साझा किया गया। राज्य आंदोलनकारियों ने राज्य गठन की संकल्पना को दोहराते हुए सभी से मिलकर काम करने का आह्वान किया तथा कहा कि यह राज्य सभी का है, इसलिए इसकी तरक्की तथा विकास भी हम सभी की जिम्मेदारी है। सभी मिलकर राज्य के विकास के लिए कार्य करेंगे। कार्यक्रम में कलाकारों तथा स्कूली बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम कर समारोह को संस्कृतमय बना दिया। छोटे छोटे स्कूली बच्चों ने सुंदर सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समारोह में उपस्थित अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय भक्ति से ओतप्रोत राष्ट्रीयगान का सामूहिक गायन किया गया तथा समारोह को राष्ट्र भक्तिमय बना दिया। स्वीप समन्वयक विनोद राठौर ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को निष्पक्ष मतदान की शपथ दिलाई। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्षा हेमा गैड़ा, मेयर अल्मोड़ा अजय वर्मा, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा महेश नयाल, मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी संजय कुमार समेत, जनप्रतिनिधि, राज्य आंदोलनकारी, विभागीय अधिकारी तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।