UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नवाचारी उपाय अपनाने की जरुरत

अल्मोड़ा। कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें जनपद में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट्स) का चिन्हीकरण कर जल्द से जल्द उनके सुधार के लिए आगणन तैयार किया जाए, ताकि कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हो सकें। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित मजिस्ट्रियल जांचों में लंबित मामलों को शीघ्र निस्तारित करने और पीड़ितों को मुआवजा राशि का वितरण पारदर्शी व निर्धारित समय सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए नवाचारी और स्मार्ट उपाय अपनाने की आवश्यकता है। साथ ही प्रवर्तन गतिविधियों को और अधिक मजबूत करने पर जोर दिया जाय। उन्होंने विशेष रूप से अंधे मोड़ों पर सुधारात्मक कार्य कराने के निर्देश दिए, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कम की जा सके। उन्होंने पुलिस और परिवहन विभाग को आपसी समन्वय के साथ नियमित संयुक्त चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए। इस दौरान रैश ड्राइविंग, ट्रिपलिंग और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर घोड़के सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।