UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

सघन चेकिंग अभियान में 81 वाहन चालकों पर कार्रवाई

अल्मोड़ा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर घोडके के निर्देश पर जनपद में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और अपराधों पर नियंत्रण के उद्देश्य से बुधवार तड़के पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 81 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई की गई। अभियान अपर पुलिस अधीक्षक हरबन्स सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा/यातायात बलवन्त सिंह और क्षेत्राधिकारी रानीखेत विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में चलाया गया। जनपद के सभी थाना और कोतवाली प्रभारियों ने अपनी-अपनी टीमों के साथ प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर वाहनों की सघन जांच की। चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग और दस्तावेजों में कमी जैसे मामलों में कार्रवाई की गई। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की गई। पुलिस ने कई वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए सख्त हिदायत देते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।