UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

शराब पीकर 112 डायल करने पर 4 गिरफ्तार

अल्मोड़ा। शराब पीकर गांव में आपस में झगड़ा करने के बाद पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 112 में शिकायत दर्ज करने पर सोमेश्वर पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया। जबकि पुलिस ने विभिन्न नियमों के उल्लंघन पर कुल आठ लोगों का चालान कर उनसे नकद जुर्माना भी वसूला और वाहन चालकों के साथ ही आम जनता से नियमों का पालन करने की अपील की है। थानाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया बीते बुधवार देर शाम सिमखोला गांव के किशन राम ने पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 112 में गांव के कुछ लोगों द्वारा उसके साथ झगड़ा करने की शिकायत दर्ज की। जिसके बाद उप निरीक्षक हरीश मेहता पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचे तो देखा कि किशन राम के साथ शराब पीकर कैलाश राम, भगत राम और हरीश राम झगड़ा फसाद कर रहे थे। पुलिस ने चारों को गांव में अशांति फैलाने और शराब पीकर झगड़ा फसाद करने के आरोप में गिरफ्तार किया। चारों पर नियम तहत कार्रवाई कर हर व्यक्ति से 500 का जुर्माना भी वसूला है। इसके अलावा यातायात के नियमों का उल्लंघन कर रहे 4 वाहन चालकों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान कर उनसे कुल 2000 का जुर्माना भी वसूला गया है।