अल्मोड़ा। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 14 जून को आयोजित होने वाली विभिन्न विभागों के स्नातक स्तरीय पदों की लिखित प्रतियोगी परीक्षा के सफल एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक नवीन कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। गुरुवार को आयोजित बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने परीक्षा संचालन के लिए नियुक्त सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करने तथा परीक्षा केन्द्रों की व्यवस्थाओं का पूर्व सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केन्द्रों में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों और जैमर की कार्यशीलता का पूर्व परीक्षण कर लिया जाए तथा परीक्षा अवधि के दौरान उनकी सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा के दौरान पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही किसी भी समस्या की स्थिति में त्वरित समन्वय स्थापित कर उसका समाधान सुनिश्चित करने को कहा। दूरस्थ क्षेत्रों में तैनात अधिकारियों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में प्रतिभाग करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा सहित परीक्षा से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
यूकेएसएसएससी परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा, निष्पक्ष संचालन के दिए निर्देश
ByNeha Joshi
Jun 11, 2026
