देहरादून(आरएनएस)।   वन आरक्षी भर्ती 2022 प्रतीक्षा सूची में चयनित 160 अभ्यर्थी का धरना सोमवार को खत्म हो गया। वे छह नंबवर से वन मुख्यालय में प्रदर्शन कर रहे थे। सोमवार को इस मामले में वन मुख्यालय में वन मंत्री सुबोध उनियाल की अध्यक्षता में प्रमुख सचिव वन एवं पर्यावरण तथा प्रमुख वन संरक्षक(हॉफ) की उपस्थिति में बैठक का आयोजन किया गया। जिसके बाद वन मंत्री धरने में बैठे अभ्यर्थियों से मिलने पहुंचे। वहां मंत्री ने उन्हें बताया कि सभी लोग उनकी भर्ती के पक्ष में हैं, परंतु तकनीकी कारणों से उनकी नियुक्ति में कठिनाई उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि विभाग और शासन स्तर पर इस मामले में हल निकालने के लिए सकारात्मक कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही इस पर कैबिनेट में चर्चा की जाएगी। वन मंत्री के आश्वासन के बाद अभ्यर्थियों ने धरना प्रदर्शन खत्म कर दिया।

Share This