UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

बेहड़ निकालेंगे स्मार्ट मीटरों की सांकेतिक शव यात्रा

रुद्रपुर(आरएनएस)।  विधायक तिलकराज बेहड़ की अगुवाई में कांग्रेसी कार्यकर्ता प्रदर्शन करते हुए सोमवार को अडानी के स्मार्ट मीटरों की सांकेतिक शव यात्रा निकलेंगे। विधायक बेहड़ स्मार्ट मीटरों का पुरजोर विरोध कर रहे है। पिछले दिनों विधायक बेहड़ ने ग्राम शंकर फार्म में ग्रामीणों के यहां स्मार्ट मीटर लगाने गए अधिकृत कंपनी के कर्मियों से स्मार्ट मीटर छीनकर सड़क पर पटक कर तोड़ दिए थे। इसके बाद किच्छा विधानसभा में कांग्रेसी कार्यकर्ता स्मार्ट मीटर के खिलाफ मुखर हो गए। बेहड़ ने ऐलान कर दिया है कि वह अपनी विधानसभा से किसी उपभोक्ता के घर जबरन स्मार्ट मीटर नही लगने देंगे। स्मार्ट मीटर के विरोध को तेज करते हुए बेहड़ सोमवार को अडानी के स्मार्ट मीटरों की सांकेतिक शव यात्रा निकलेंगे। स्मार्ट मीटर के खिलाफ जनता को जागरूक करने के लिए क्षेत्र में मुनादी कराई जा रही है। नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने बताया कि सांकेतिक शव यात्रा इंदिरा गांधी मैदान से शुरू होकर पावर हाउस पहुंचेगी। यहां अधिशासी अभियंता के कार्यालय के सामने अर्थी रखकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।