UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

रॉन्ग साइड से आए युवकों ने पहले टक्कर मारी, विरोध पर युवक को पीटा, बुलेट तोड़ी

देहरादून(आरएनएस)।    पटेलनगर क्षेत्र में माजरा में गुलाटी स्वीट्स के पास रॉन्ग साइड से आ रहे बाइक सवारों ने एक युवक को टक्कर मार दी। सड़क पर गिरने के बाद आरोपियों ने साथियों के साथ मिलकर युवक पर हमला किया और पत्थरों से उसकी बुलेट चकनाचूर कर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गढ़ी कैंट के बनिया बाजार निवासी प्रांशु गोयल ने पुलिस को बताया कि वह अपनी बुलेट से आईएसबीटी की ओर जा रहे थे। तभी गलत दिशा से बिना हेलमेट ट्रिपलिंग करते हुए आ रहे एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। आरोप है कि नीचे गिरने पर आरोपी और उसके साथियों ने प्रांशु को लात-घूंसों व बड़े पत्थरों से बुरी तरह पीटा। बीच-बचाव करने आए लोगों के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि आरोपी की पत्नी ने पीड़ित को छेड़छाड़ व एससी-एसटी के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी। पीड़ित ने एक चश्मदीद द्वारा बनाया गया घटना का वीडियो, मेडिकल रिपोर्ट और क्षतिग्रस्त वाहन की तस्वीरें पुलिस को देकर कार्रवाई की मांग उठाई है। पटेलनगर इंस्पेक्टर सीबीएस अधिकारी ने बताया कि वीडियो के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है।