अल्मोड़ा। नगर क्षेत्र में ड्रेनेज सिस्टम के अंतर्गत बन रहे नालों की प्रगति को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में बताया गया कि नगर में कुल 39 नालों का निर्माण कार्य चल रहा है, जिनमें से कई पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष पर काम जारी है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष नालों के निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम तैयार करना जरूरी है, ताकि वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। इसके लिए संबंधित विभागों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने और कार्यों की सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जहां कहीं तकनीकी समस्या या अवरोध आ रहा हो, उसका त्वरित समाधान किया जाए। साथ ही नालों के निर्माण कार्य में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर काम करने को कहा गया।
बैठक में नगर आयुक्त सीमा विश्वकर्मा, सिंचाई, जल संस्थान और जल निगम समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


