UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

जंगल में भटकी महिला को पुलिस ने सकुशल किया बरामद

अल्मोड़ा। भतरौजखान थाना पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से जंगल में कॉम्बिंग सर्च अभियान चलाकर गुमशुदा महिला को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। महिला के सकुशल मिलने पर परिजनों ने पुलिस और ग्रामीणों का आभार जताया। पुलिस के अनुसार भिकियासैंण निवासी एक व्यक्ति ने शुक्रवार को सूचना दी कि उसकी पत्नी दोपहर करीब डेढ़ बजे बिना बताए घर से कहीं चली गई है। तहरीर के आधार पर थाना भतरौजखान में गुमशुदगी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देश पर थानाध्यक्ष अवनीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से आसपास के जंगलों में व्यापक सर्च अभियान चलाया। शनिवार को पुलिस टीम ने महिला को जंगल से बरामद कर लिया। महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ बताई जा रही है और रास्ता भटकने के कारण जंगल में बेहोशी की हालत में मिली। पुलिस टीम ने तत्काल उसका रेस्क्यू कर उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद महिला को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। सर्च अभियान में चौकी प्रभारी भिकियासैंण संजय जोशी, अपर उपनिरीक्षक महेंद्र पाल, हेड कांस्टेबल समीम अहमद और पीआरडी जवान राजेंद्र कुमार शामिल रहे।