UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

महिला पुलिस ने महिलाओं और युवाओं को किया जागरूक

अल्मोड़ा। कोतवाली महिला पुलिस ने नगर क्षेत्र में महिलाओं और युवाओं को विभिन्न सामाजिक एवं कानूनी विषयों की जानकारी देकर जागरूक किया। कार्यक्रम में नशे के दुष्परिणाम, साइबर अपराध, मानव तस्करी, पॉक्सो अधिनियम तथा महिलाओं से जुड़े अपराधों के संबंध में जानकारी दी गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देश पर चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियान के तहत प्रभारी महिला कोतवाली जानकी भंडारी के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान महिला कांस्टेबल तुलसी गोस्वामी और अनिता सैनी मौजूद रहीं। कार्यक्रम में महिलाओं एवं युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों, साइबर ठगी से बचाव, एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग, पॉक्सो अधिनियम तथा घरेलू उत्पीड़न से संबंधित अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा संबंधी प्रावधानों से भी अवगत कराया। पुलिस ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति शराब के नशे में घरेलू हिंसा, मारपीट, अभद्र व्यवहार, छेड़खानी या अन्य किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न करता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दी जाए। वहीं साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और समय रहते सूचना देने के लिए भी लोगों को जागरूक किया गया।