UTTARAKHAND LIVE

उत्तराखंड की खबरों से सरोकार

राज्यपाल ने डीएम और एसएसपी को किया सम्मानित

अल्मोड़ा। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने अपने अल्मोड़ा प्रवास के दौरान जिलाधिकारी अंशुल सिंह तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के को उत्कृष्ट कार्यों के लिए प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। राज्यपाल ने कहा कि जिलाधिकारी अंशुल सिंह के नेतृत्व में जनपद में विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन की कार्यशैली, जनहितकारी पहलों तथा विकास कार्यों की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में योजनाओं को बेहतर ढंग से लागू किया जा रहा है। राज्यपाल ने नशा मुक्ति केंद्र के संचालन की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज को नशे की प्रवृत्ति से मुक्त करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर उन्होंने लोक भवन की ओर से नशा मुक्ति केंद्र के लिए दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चंद्रशेखर आर. घोड़के के नेतृत्व में जनपद में संचालित जनहितकारी पुलिसिंग और कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के प्रयासों की भी राज्यपाल ने प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी कार्य कर रहा है। इस अवसर पर राज्यपाल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को भी प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।