अल्मोड़ा। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत शनिवार को जनपद भर में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान आमजन, युवाओं और छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई। एसएसपी चंद्रशेखर आर. घोड़के के निर्देशन में 17 से 26 जून तक चलाए जा रहे नशा मुक्त सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न थाना एवं कोतवाली क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों और कर्मियों ने लोगों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रमों में उपस्थित लोगों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया। पुलिस ने लोगों से नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री और तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी नशा मुक्त भारत अभियान के तहत शपथ ग्रहण की।
नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित


